भीलवाड़ा।
मातृ एवं शिशु चिकित्सालय की तरह ही अब महात्मा गांधी अस्पताल में भी ऑक्सीजन की सप्लाई नए सिस्टम पर होगी। पाइप से सीधे वार्ड में मरीज को ऑक्सीजन दिया जाएगा। इसके लिए एमजीएच में सिस्टम तैयार हो चुका है और योग्यताधारी को रखकर सप्लाई शुरू की जाएगी। यह निर्णय गुरुवार को राजस्थान मेडिकेयर रिलीफ सोसायटी की बैठक में किया गया।
सोसायटी अध्यक्ष एवं मेडिकल कॉलेज प्रधानाचार्य डॉ. राजन नंदा की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिला शीघ्र उपचार केन्द्र (डीआईसी) पर कानों की जांच के लिए ऑडियोमीटरी एवं बेरा जांच सुविधा शुरू की जाएगी। 0-6 वर्ष आयु वर्ग, आरबीएसके रेफरल एवं अन्य नि:शुल्क श्रेणी के अलावा अन्य श्रेणी के रोगियों के लिए ऑडियोमीटरी सौ रुपए व बेरा टेस्ट तीन सौ रुपए की न्यूनतम दर पर उपलब्ध होगी। एमजीएच परिसर में ही जिला शीघ्र उपचार केन्द्र बनाया गया है।
नए रूप में अब कॉटेज
चिकित्साधीक्षक डॉ. एसपी आगीवाल ने बताया कि एमजीएच परिसर में ही जर्जर हुए कॉटेज वार्ड मरम्मत के बाद तैयार हो गए है। रिनोवेटेड कॉटेज वार्ड की सुविधा 300/-(सामान्य) व 500/-(एसी युक्त) प्रतिदिन की न्यूनतम दर पर उपलब्ध करवाने का निर्णय किया। अस्पताल परिसर में प्रस्तावित प्रधानमंत्री जन औषधी केन्द्र के लिए उपनियंत्रक देवकिशन सरगरा की अगुवाई में कमेटी गठित की गई। जो कि दुकान की जगह निर्धारित करेगी।
होमगार्ड हटेंगे, निजी सुरक्षाकर्मी लगेंगे
राजस्थान मेडिकेयर रिलीफ सोसायटी की बैठक में निर्णय किया कि अस्पताल में लगे होमगार्ड को हटाकर निजी कम्पनियों से सुरक्षाकर्मी लिए जाएंगे। वहीं सुरक्षा की बागडोर संभालेंगे। अस्पताल परिसर में अनाधिकृत हाथ-ठेले के साथ ही रोगी वाहनों को हटाया जाएगा। पार्र्किंग व्यवस्था को सुदृष्ढ किया जाएगा। बैठक में विधायक विठ्लशंकर अवस्थी, सोसायटी के मनोनीत सदस्य उदयलाल समदानी, डॉ. राधेश्याम शर्मा, अन्य पदाधिकारी डॉ. अरुण गौड़, सहायक आचार्य प्रशांत गौतम, तकनीकी स्पॉट इंजीनियर जयंतपाल समेत कई लोग मौजूद थे।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal http://bit.ly/2EU3CR5
No comments:
Post a Comment