भीलवाड़ा।
शहर में पुलिस लाइन के पीछे शिवनगर में शुक्रवार रात हथियारबंद लुटेरों ने आतंक मचाया। घर में घुसे नकाबपोश लुटेरे महिला को बंदूक से डराकर गहने छीन लिए। मकान से जाते किराएदार का कमरा बाहर से बंद कर बंधक बनाकर भाग गए। निकट ही एक स्कूल का ताला तोड़कर वहां से नकदी ले गए। घटना से प्रतापनगर थाना पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना कर मामला दर्ज किया। लुटेरों की संख्या पांच बताई जा रही है।
थानाधिकारी रोहिताश देवंदा ने बताया, पुलिस लाइन निवासी उदयलाल धोबी के मकान में देर रात डेढ़ बजे लुटेरे ताला तोड़कर अंदर घुस गए। खटपट से कमरे में सो रही गृहस्वामिनी सोनू धोबी जग गई। घटना के समय गृहस्वामी उदयलाल अस्पताल में नौकरी करने गया था। लुटेरों ने उसके शोर मचाने से पहले मुंह दबा दिया। एक लुटेरे ने बंदूक दिखाकर डराया। हथियार देखकर सोनू सहम गई। उसके कान में पहना टॉप्स व गले से मंगलसूत्र छीन लिया। एक लुटेरे ने कमरे की तलाशी लेकर दो हजार रुपए नकद ले गए। मकान में किराए पर रह रहे रमेश के कमरे को बाहर से कुंदी लगा गए।
स्कूल में घुसे, सीसी कैमरे को मोड़ा
निकट ही निजी स्कूल में चोर घुस गए। अंदर घुसने से पहले वहां लगा सीसी कैमरे का मुंह मोड़ दिया। स्कूल के दफ्तर का ताला तोड़कर डेढ़ हजार ले गए। स्कूल में लगे सीसी कैमरे में लुटेरे कैद हो गए। उनके हाथ में बंदूक दिखाई दे रही है। सूचना पर थानाधिकारी जाप्ते के साथ शनिवार को वहां पहुंचे। घटनास्थल का मुआयना किया। एफएसएल व डॉग स्क्वाइड टीम वहां पहुंची। फुटेज के आधार पर पुलिस लुटेरों की तलाश कर रही है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2qb06bP
No comments:
Post a Comment