Friday, 19 October 2018

वर्दी के गुरूर और शराब के नशे का काकटेल... सुध-बुध खो बैठा सिपाही...बोला बस सरकार बदलने की देर...सबको देख लूंगा

जयपुर
झालावाड़ जिले के बकानी कस्बे के बस स्टैंड पर एक पुलिस कांस्टेबल ने शराब के नशे में दबंगई की, वर्दी के गुरूर और शराब के नशे ने ऐसा काकटेल बनाया कि सिपाही सुध-बुध खो बैठा। उसने न सिर्फ राह चलते युवक को पीट दिया, बल्कि लोगों को भी धमका दिया कि बस दो महीने की बात है, सरकार बदलते ही वह सबको देख लेगा।

गाली देकर उसको रोका और थप्पड़ मार दिया

दरअसल, हुआ यह कि बकानी निवासी प्रमोद गुप्ता रात साढ़े 12 बजे मेहमानों को लेने के लिए बस स्टैंड पर आया हुआ था, तभी वहां पर बकानी थाने में तैनात कांस्टेबल मुकेश मीणा आ धमका, मुकेश शराब के नशे में था, प्रमोद गुप्ता जब घर जाने लग तो मुकेश ने गाली देकर उसको रोका और थप्पड़ मार दिया। प्रमोद के विरोध करने पर वह और भड़क गया और मारपीट करने लगा।

पुलिसकर्मी की दबंगई देखकर लोगों के होश उड़े
सरेआम पुलिसकर्मी की दबंगई देखकर लोगों के होश उड़ गए, अफरातफरी मच गई, तभी वहां दो पुलिसकर्मी आ गए, उन्‍हें देखकर तो मुकेश के हौसले को जैसे पंख लग गए, उसने प्रमोद को और पीट दिया, बाद में आसपास के लोगों और पुलिसकमियों ने बीचबचाव कर उसे छुड़वाया। घटना से लोगों में पुलिस प्रशासन के प्रति काफी काक्रोश है।

अस्‍पताल में भी धमकाता रहा

घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया और मुकेश मीणा का मेडिकल करवाया, इस दौरान भी वह घमकी देता रहा कि दो महीने बाद सरकार बदलते ही सबको देख लेगा, पुलिस ने पीड़ित प्रमोद गुप्ता का भी मेडिकल करवाया है। उसके जगह-जगह चोट के निशान व नाखून लगे हुए हैं।

घटना सोशल मीडिया में वायरल
कांस्टेबल के द्वारा शराब के नशे में युवक के साथ मारपीट व गालीगलौज करने की घटना सोशल मीडिया में वायरल हो गई है। जिसमे साथ देखा जा सकता है कि किस तरह से कांस्टेबल शराब में नशे में चूर होकर मारपीट कर रहा है। मारपीट के दौरान पुलिसकर्मी वर्दी में है, लेकिन अस्पताल में वह सादे कपड़ों में दिखाई दे रहा है, इससे कई तरह की चर्चाएं हैं।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2AjibtZ
via IFTTT

No comments: