Sunday, 21 October 2018

राजस्थान छोड़ गुजरात भागने की फिराक में थे ठगी के आरोपी, बस में बैठने से पहले पुलिस ने किया गिरफ्तार

बंथली. पोल्याड़ा कंजर बस्ती में गत महीने उत्तरप्रदेश के आगरा निवासी व्यापारी से सस्ता सोना बेचने के बहाने आठ लाख ठगी करने मामले में पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

 

पुलिस अधीक्षक योगेश दाधीच के निर्देश पर थानाप्रभारी दिनेशकुमार चौधरी के नेतृत्व में गठीत टीम ने शनिवार शाम देवली पेट्रोल पम्प चौराहे से दोनों को गिरफ्तार किया है। फरार अन्य आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीम जगह-जगह दबिश दे रही है।

 

थानाप्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार मुख्य आरोपी आवां हाल पोल्याड़ा थाना दूनी निवासी हसंराज (35) पुत्र जोरिया कंजर व पोल्याड़ा निवासी विक्रम (20) पुत्र दीवान कंजर है।

 

उन्होंने बताया कि पुलिस को आरोपियों के देवली पेट्रोल पम्प पर होने की सूचना मिली। इस पर पोल्याड़ा चौकी प्रभारी जगदीश चौधरी, एएसआई बालकिशन शर्मा, हैडकांस्टेबल राजेन्द्रसिंह राजावत, राजेश चौधरी, कांस्टेबल यशराज चौधरी व गिरिराज गुर्जर की टीम ने वहां पहुंच दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

 

आरोपियों को रविवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा। गौरतलब है कि पीडि़त बाग मुज्जफर खां आगरा (यूपी) निवासी मनोज सिंह पुत्र कालीचरण माहोर ने मामला दर्जकराया था।

 

इसमें बताया कि गत 18 सितम्बर को वह जयपुर आया था। जहां बस स्टैण्ड पर आरोपी हसंराज व विक्रम ने आधा किलो सोना बेचने की मंशा जताई। पीडि़त ने भाई से पूछ सोना खरीदने की बात कहने पर युवकों ने मोबाइल फोन नम्बर देकर सम्पर्क करने को कहा।

 

पीडि़त ने भाई से पूछ जयपुर मिले युवकों से बात की। इस पर आरोपियों ने पोल्याड़ा आकर सोना देखने को कहा। ऐसे में गत 23 सितम्बर को मनोज सिंह साथी नेहरू नगर राधारमन लेन पुलिया चौकी आगरा निवासी अमित गोयल के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित पोल्याड़ा पुलिया पर आ गया।

 

जहां मौजूद दोनों युवक उन्हें कंजर बस्ती ले गए और असली सोने के 4-5 बिस्किट व एक चांदी की सिल्ली दिखा संतुष्ट कर सौदा तय कर लिया। रुपए साथ नहीं लाने की बात कह पीडि़त ने वापस आने की कह चले गए।

 

इसके बाद गत 28 सितम्बर को फिर से पीडि़त अपने साथी अमित को लेकर पहुंचा। जहां पीडि़त ने कार में रखे आठ लाख रुपए का बेग आरोपी हसंराज को दे दिया। इस दौरान फर्जी पुलिस के रूप में आए आरोपियों के साथियों ने लाठीचार्ज कर दिया।

 

गुजरात भागने के फिराक में थे
थानाप्रभारी चौधरी ने बताया कि पुलिस की ओर से चारों तरफ से जाल बिछा नाकाबंदी किए जाने के बाद आरोपी हसंराज और विक्रम पुलिस से बचने को लेकर गुजरात भागने की फिराक में थे। वे देवली के पेट्रोल पम्प चौराहे पर खड़े होकर बस का इंतजार कर रहे थे। सूचना पर पुलिस टीम ने चारों ओर से घेर दबोच लिया।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2S5qf8w
via IFTTT

No comments: