जयपुर।
जम्मू कश्मीर में हुई भारी बर्फबारी और मैदानों तक पहुंच रही शीतलहर से पूरा प्रदेश कड़ाके की सर्दी की जद में है। सर्दी के तीखे तेवर जानलेवा हो चले हैं और आगामी दो तीन दिन और प्रदेशभर में भीषण सर्दी का दौर बने रहने के संकेत मौसम केंद्र ने दिए हैं।
मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो उत्तरी राज्यों में कम उंचाई वाले पश्चिमी विक्षोभ की आवाजाही इन दिनों बनी हुई है जिसके चलते उत्तरी राज्यों में अगले चौबीस घंटे में चक्रवाती हवाएं भी सक्रिय होने का अंदेशा है।
ऐसे में आगामी दिनों में जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बर्फबारी के साथ बारिश होने की संभावना बन रही है। जिसके चलते पहाड़ों की सर्दी मैदानी इलाकों में भी कोहराम मचा सकती है। जनवरी माह के पहले सप्ताह में भी प्रदेशभर में सर्दी से राहत मिलने की उम्मीद कम है।
प्रदेश के आधा दर्जन से ज्यादा जिलों में रात में पारा 5 डिग्री से भी कम रिकॉर्ड हुआ है। उत्तरी सर्द हवाओं से पूरा प्रदेश ठिठुर रहा है। दिन में खिली धूप भी सर्दी से राहत दिलाने में बेअसर हो रही है तो रात में हाड़कंपाने वाली सर्दी से जनजीवन बेहाल है।
राजधानी में बीती रात भी सर्दी के तेवर सख्त बने रहे हैं। आज सुबह छह बजे शहर का अधिकतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है। स्थानीय मौसम केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार शहर में आज आसमान साफ रहेगा वहीं दिन में सर्द हवाएं चलने और अधिकतम तापमान सामान्य से कम रहने की संभावना है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal http://bit.ly/2Qfhw1y
via IFTTT
No comments:
Post a Comment