जयपुर।
उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट (Sachin Pilot) ने गुरुवार को सचिवालय में सार्वजनिक निर्माण, ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा सांख्यिकी विभाग का कार्यभार संभाला। उन्होंने कहा कि सरकार का सौ दिन का एक्शन प्लान बनेगा। हालांकि एक्शन प्लान का असर सौ दिन से पहले ही दिख जाएगा।
पायलट ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता जनघोषणा पत्र में किए वादों को कारगर रूप से लागू करवाना है। सरकार कोई भी ऐसा वादा नहीं छोडऩा चाहेगी, जिससे कि कोई सरकार पर अंगुली उठा सके। पायलट ने कहा कि जनता पूरे भरोसे के साथ सरकार की ओर देख रही है। इसे कायम रखना हमारी जिम्मेदारी है। पंचायती राज जनप्रतिनिधियों के लिए शैक्षणिक योग्यता की अनिवार्यता समाप्त करने पर पायलट ने कहा कि वह पहले भी कह चुके हैं कि शैक्षणिक योग्यता बुरी चीज नहीं है, लेकिन यह पहले सांसद और विधायकों पर लागू होनी चाहिए। सरकार इस पर पुनर्विचार करेगी।
लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस तैयार
पायलट ने कहा कि अब कांग्रेस का लक्ष्य आगामी लोकसभा चुनाव है। कांग्रेस सामूहिक रूप से मिलकर चुनाव लड़ेगी। चुनाव के लिए कांग्रेस पूरी तरह तैयार है।
अधिकारियों से चर्चा
पायलट ने सार्वजनिक निर्माण विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव वीनू गुप्ता, मुख्य अभियंता एवं अतिरिक्त सचिव एम.जी. माहेश्वरी और आरएसआरडीसी के प्रबंध निदेशक पी. के. मित्तल के साथ विभागीय गतिविधियों पर भी चर्चा की। उप मुख्यमंत्री ने शासन सचिवालय स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
सोच-समझ कर बांटे गए मंत्रियों को विभाग
मंत्रिमंडल और मंत्रियों को विभाग बांटने में देरी के सवाल पर पायलट ने कहा कि सवा सात करोड़ लोगों ने सरकार को चुना है। ऐसे में कांग्रेस सोच-समझ कर और फीडबैक लेने के बाद निर्णय कर रही है। कांग्रेस ने संतुलित मंत्रिमंडल दिया है और विभागों का बंटवारा अच्छा किया है।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal http://bit.ly/2Q2g1DH
via IFTTT
No comments:
Post a Comment