जयपुर। राजधानी के स्वास्थ्य भवन में एक जनवरी से बायोमेट्रिक हाजिरी शुरू होगी और राजस्थान के सभी सरकारी अस्पतालों में भी जल्द यह सिस्टम शुरू होगा। स्वास्थ्य विभाग की ओर से इस बार बायोमेट्रिक हाजिरी सिस्टम सख्ती से शुरू करने का निर्णय किया है। अब सभी स्तर के सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति इसी सिस्टम के तहत दर्ज कराई जाएगी।
हालांकि, विभाग ने फरवरी 2017 में भी सभी संस्थानों में बायोमेट्रिक हाजिरी के निर्देश जारी किए थे। मगर कर्मचारियों और विभिन्न संगठनों के अंदरूनी दबाव के बाद इसकी पालना पर विशेष ध्यान ही नहीं दिया गया। सूत्रों के अनुसार एक जनवरी से ही प्रदेश में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र स्तर के उन सरकारी अस्पतालों में भी बायोमेट्रिक हाजिरी शुरू की जा सकती है, जहां यह मशीन पहले से लगी हुई है।
हालांकि, अस्पतालो में एक जनवरी से इसे शुरू किए जाने की आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। चिकित्सा विभाग के विशिष्ट सचिव एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के मिशन निदेशक डॉ. समित शर्मा ने बताया कि इस शुरुआत के बाद जल्द ही प्रदेश के सभी सरकारी अस्पतालों में यह शुरुआत की जाएगी। उल्लेखनीय है कि मेडिकल कॉलेजों सहित एसएमएस में बायोमेट्रिक हाजिरी पहले से है। लेकिन अब सरकार की इस तैयारी से गांवों में निचले स्तर तक के अस्पतालों में डॉक्टरों और स्टाफ की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित हो पाएगी।
अभी निगरानी, बाद में सख्ती
समित शर्मा का कहना है कि अभी निगरानी के लिए निरीक्षण व आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। सख्ती के कदम बाद में उठाए जाएंगे।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal http://bit.ly/2Vhu2Bb
via IFTTT
No comments:
Post a Comment