Friday, 15 March 2019

कुएं से निकाली मोटर साइकिल को अभी तक भी नहीं किया बरामद, 2 माह में 3 किलोमीटर नहीं पहुंच पाई पुलिस

नगरफोर्ट. क्षेत्र के गांव विजयगढ़ में एक कुएं से दो माह पूर्व मोटर साइकिल निकाले जाने के बाद भी पुलिस ने अब तक बाइक की सुध नहीं ली है। कुएं के मालिक विजयगढ़ निवासी छोटू लाल बैरवा ने बताया 13 जनवरी को कुएं में पानी कम होने पर एक काले रंग की मोटर साइकिल दिखाई दी।

 

इसकी सूचना नगरफोर्ट थाने में जाकर सूचना दी। छोटू लाल ने बताया कि थाने में मौजूद जवानों ने उसे कहा कि वह स्वयं ही कुएं से मोटर साइकिल निकाल कर थाने ले लाए या कुएं से बाहर निकाल कर रख दे पुलिस उक्त बाइक को ले आएगी।


छोटू लाल ने मोटरसाइकिल को क्रेन से निकाल कर बाहर रख दिया, लेकिन दो माह के दौरान कई बार अवगत कराने पर भी पुलिस मोटर साइकिल को जब्त नहीं कर रही है। वहीं बाइक पर नम्बर प्लेट नहीं होने से स्थानीय स्तर पर यह भी पता नहीं चल पा रहा हैकि बाइक किसकी है।

 

छोटू लाल ने बताया कि पिछले दो माह से उसे मोटर साइकिल की निगरानी करनी पड़ रही है। बाइक चलने की स्थिति में नहीं है। गांव वाले मोटरसाइकिल के पाट्र्स खोलने को तैयार हैं। इधर, थानाधिकारी नियाज मोहम्मद का कहना है कि पुलिस कर्मियों ने उन्हें इस बारे में नहीं बताया।

 

अगर ऐसा है तो तुरंत मोटर साइकिल बरामद की जाएगी। इधर, दूसरी ओर सीएलजी की बैठकों में पुलिस हर बार संदिग्धों की सूचना पुलिस को देने को कहती है, लेकिन नगरफोर्ट थाना पुलिस की ओर से बाइक पर की गई लापरवाही से लोगों को भरोसा उठता जा रहा है।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2HlsdPT
via IFTTT

No comments: