Wednesday, 13 March 2019

दादी ने बाल काटे, पिता ने गर्म चाकू से दाग की अश्लील हरकत

चित्तौडग़ढ़.भीलवाड़ा।

नाबालिग बेटी को मकान की दूसरी मंजिल पर ले जाकर पिता व सौतेली मां ने मारपीट की। मुंह में कपड़ा ठूंसकर बाल काट दिए। मासूम पर जुल्म यहीं नहीं थमा। पिता ने गर्म चाकू से उसका हाथ जगह-जगह दाग दिया। मानवता को शर्मसार करने वाला ये प्रकरण चाइल्ड हेल्पलाइन के जरिए भीलवाड़ा के भीमगंज थाने पहुंचा और वहां से मंगलवार को चित्तौडग़ढ़ कोतवाली पहुंचा, जहां पिता, दादी और सौतेली मां के खिलाफ मारपीट व पॉक्सो में मामला दर्ज हुआ।

चाइल्ड हेल्पलाइन भीलवाड़ा की सदस्य नजमुननिशा के सहयोग से पीडि़ता के नाना व हेल्पलाइन सदस्य नाबालिग नातिन को भीमगंज थाने ले गए व पुलिस को रिपोर्ट दी। रिपोर्ट में नाना ने बताया, उसकी सोलह वर्षीय नातिन चित्तौडग़ढ़ में अपने पिता और सौतेली मां के साथ रहती है। दोनों ही उसे पीटते हैं। पिता अश्लील हरकत व छेड़छाड़ करता है। रिपोर्ट के अनुसार, कुछ दिन पहले पिता, सौतेली मां और दादी प्रार्थी की नातिन को चित्तौडग़ढ़ में मकान की दूसरी मंजिल पर ले गए और मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। दादी ने हाथ पैर पकड़े और बाल काट दिए। पिता ने चाकू गर्म से बेटी को दागा। फिर कमरे में बंद कर दिया। नाबालिग मौका पाकर पिता के मकान से भाग नाना के पास भीलवाड़ा पहुंची और आपबीती बताई।


यह लिखा प्राथमिकी में

भीमगंज पुलिस ने जीरो एफआईआर काटी। इसमें लिखा कि बालिका के दोनों हाथों पर चोट के निशान तथा दोनों पैर व पीठ पर नील जमी थी। उसके सिर के बाल जगह-जगह से कटे थे। घटना चित्तौडग़ढ़ के कोतवाली क्षेत्र की होने से रिपोर्ट वहां भेजी। चित्तौडग़ढ़ की कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को पिता, सौतेली मां व दादी के खिलाफ मारपीट व पॉक्सो में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

 



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2VV0HMh

No comments: