बंथली. जयपुर-कोटा राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या बारह के मेहन्दवास थाना क्षेत्र स्थित छान चौराहे पर शुक्रवार शाम कोटा की ओर जा रही श्रीमाधोपुर डिपो की रोडवेज बस सवारियों के लालच में अनियंत्रित होकर वहां पहले से खड़ी लोक परिवहन सेवा की बस के पीछे जा घुसी।
दुर्घटना में करीब एक दर्जन से अधिक सवारियां घायल हो गई। दुर्घटना के बाद बस में मची चीख पुकार से वहा लोगों की भीड़ जमा हो गई और घायलों को संभाला। बाद में घायलों का देवली अस्पताल में प्राथमिक उपचार की बात कह चालक क्षतिग्रस्त बस को देवली लेकर चला गया।
उल्लेखनीय हैं कि घायलों में बूंदी निवासी दलजीत पुत्र लक्ष्मण सिंह, जयपुर निवासी पुष्पा पत्नी जगदीश खटीक, देवली निवासी किरण पुत्री छोटूलाल मीणा, हिण्ड़ोली जिला बूंदी निवासी गिरिराज पुत्र रामलाल कहार, भीलवाड़ा निवासी शबाना, बूंदी निवासी प्रेम सिंह पुत्र मनोहर सिंह, तालेड़ा निवासी प्रियंका पत्नी प्रकाश काल, झालावाड़ निवासी हेमराज पुत्र छीतरलाल डांगी, मुम्बई निवासी रविन्द्र पुत्र रविनारायण नागरपुरकर, बांरा निवासी नगमा पुत्री मोहम्मद अयूब, दूनी निवासी पंकज पुत्र रामकिशन सेन सहित अन्य हैं। वही रोडवेज बस में कुल 54 सवारियां थी। हालाकि अन्य सवारियों के भी मामूली चोटे आई है।
चौराहे पर मची चीख-पुकार
छान चौराहे पर दुर्घटना के बाद रोडवेज बस में बैठी सवारियों में चीख-पुकार मच गई। महिलाएं व बच्चे जोर-जोर चीखने लगे।
इस पर चौराहे पर बैठे लोग भागकर बस में बैठी सवारियों ने घायलों को बाहर निकाला और उनका अपने स्तर पर प्राथमिक उपचार किया।
इस दौरान आक्रोशित लोगों ने चालक श्रीमाधोपुर जिले के निवासी सूरज सिंह को खरी-खोटी सुनाई। इसके बाद घायलों का देवली अस्पताल में उपचार कराने की कह कर चालक सूरज सिंह क्षतिग्रस्त बस ले रवाना हो गया।
सवारियों के लालच से हुई दुर्घटना
गौरतलब हैं कि टोंक बस स्टैण्ड से निकलने के बाद से लोक परिवहन सेवा बस का चालक भी बस लेकर रोडवेज बस को ओवरटेक कर गुजरा। छान चौराहे से अधिक सवारियां लेने के चक्कर में रोडवेज चालक ने अपनी गति बढ़ा दी।
कभी रोडवेज बस आगे तो कभी लोक परिवहन बस। बस की तेज गति देख सभी सवारियां सहमी और भयभीत थी। छान चौराहे के पास आते ही रोडवेज चालक ने लोक परिवहन बस सेवा के आगे लेकर अधिक सवारियां बैठाने का प्रयास किया। इस पर बस अनियंत्रित होकर लोक परिवहन से टकरा गई।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal http://bit.ly/2Uj0rL1
via IFTTT
No comments:
Post a Comment