Friday, 27 December 2019

राजस्थान में तापमान माइनस में...जबरदस्त ठंड की चपेट में रेगिस्तान

जयपुर। प्रदेश इन दिनों जबर्दस्त सर्दी की चपेट में है। शेखावाटी अंचल सहित अधिकांश इलाकों में रात हाड़कंपा देने वाली सर्दी पड़ी, जो इस सीजन की सबसे सर्द रात भी रही। सर्दी के कारण अलवर में रेलवे स्टेशन के पास एक महिला की मौत भी हो गई। शेखावाटी अंचल (सीकर, झुंझुनूं, चूरू) क्षेत्र में तो पारा माइनस में चले जाने से वहां जनजीवन ही प्रभावित हो गया। सीकर के फतेहपुर में लगातार दूसरे दिन तापमान माइनस 3 डिग्री पर रहा। सुबह-शाम लोग घरों से बाहर निकलने से बच रहे है। सार्वजनिक व खुले स्थानों पर तो लोगों के जीवन का एकमात्र सहारा अलाव ही बन गया है। बीती रात सर्दी का प्रकोप इस कदर दिखा कि शेखावाटी अंचल के ही नहीं बल्कि प्रदेश के अन्य जिलों के ग्रामीण इलाकों में खेत-खलियान बर्फ की हल्की परत से अटे दिखाई दिए।

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार बीती रात जयपुर, जोधपुर, कोटा, उदयपुर, टोंक, गंगानगर, चित्तौडग़ढ़ सहित अन्य शहरों में सीजन की सबसे ठण्डी रात रही। गंगानगर जिले की बात करें तो यहां सर्दी का प्रकोप रात ही नहीं बल्कि दिन में भी बना हुआ है। यहां दिन का अधिकतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
लगातार दूसरे दिन पारा माइनस 3
सीकर जिले के फतेहपुर शेखावाटी की बात करें तो यहां लगातार दूसरे दिन पारा माइनस 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान के लगातार दो दिन से जमाव बिंदु के नीचे रहने और शीतलहर चलने से लोगों का जीवन बेहाल हो गया। पेड़-पौधों और मैदानों में पत्तियां-टहनियों पर बर्फ जमी दिखाई दे रही है। वहीं खेतों में खड़ी फसलों में पाला पडऩे की आशंका बन गई है। इससे किसानों की मुश्कीलें बढ़ गई है।

प्रदेश में यह रहा शहरों का तापमान
शहर - तापमान
सीकर -0.8
चूरू -0.6
पिलानी 0.4
श्रीगंगानागर 1.4
सवाई माधोपुर 5.2
टोंक 1.6
चित्तौडग़ढ़ 1.9
उदयपुर 3.2
अजमेर 04
जयपुर 04
कोटा 4.6
बाड़मेर 7.8
पाली 4.6
जैसलमेर 8.9
जोधपुर 4.4
बीकानेर 5.8



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2rxVBft
via IFTTT

No comments: