Tuesday, 24 December 2019

मावठ ने छुड़ाई लोगों की धूजणी, अब शीतलहर गिराएगी पारा

जयपुर। हाड़ौती अंचल में सोमवार देर रात से मंगलवार सुबह तक कोटा, बूंदी, बारां व झालावाड़ के विभिन्न इलाकों में मावठ ( Mavath ) हुई। बारिश से सर्दी बढ़ गई जिससे लोगों की धूजणी छूट रही है। प्रदेश में एक बार फिर से न्यूनतम पारे में गिरावट ( Rajasthan Weather Update ) शुरू हो गई है। जयपुर में अधिकतम तापमान में मंगलवार को 4.6 डिग्री की गिरावट हुई है। 11 शहरों में मंगलवार को पारा 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। मंगलवार को फतेहपुर कृषि अनुसंधान केन्द्र पर न्यूनतम तापमान दो डिग्री दर्ज किया। दिन में 3.2 किलोमीटर की रफ्तार से चली पूर्वी हवाएं ने लोगों को धूजा दिया। हवाओं की रफ्तार भले कम रही, लेकिन नमी की मात्रा 88 फीसदी रहने के कारण सर्द हवाएं नश्तर सी चुभती रहीं। मौसम विभाग ( IMD ) ने अब प्रदेश के कई जिलों में शीतलहर और घने कोहरे की चेतावनी दी है। इनमें अलवर, सीकर, झुंझुनूं, भरतपुर, धौलपुर, दौसा, चूरू, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ शामिल हैं।

सुहाया मौसम, सैलानियों से गुलजार हुआ गुलाबी नगर
राजधानी जयपुर में गुलाबी सर्दी के बीच पर्यटकों की संख्या बढ़ रही है। शीतकालीन छुटिï्टयां शुरू होते ही शहर में दोगुने पर्यटक बढ़ गए हैं। मंगलवार को आमेर फोर्ट में जहां 15 हजार से अधिक पर्यटक पहुंचे, वहीं हवामहल में सात हजार पर्यटक आए। जंतर-मंतर पर करीब 8 हजार सैलानी आए। शहर में मंगलवार को 25 हजार से अधिक सैलानी आए। वहीं शहर में राजधानी में सर्दी के तेवर फिर से तीखे हो रहे हैं। लगातार न्यूनतम पारे में गिरावट हो रही है। मंगलवार को न्यूनतम पारा 8.4 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं अधिकतम पारा 19.4 डिग्री दर्ज किया गया। सोमवार को अधिकतम पारा 24 डिग्री दर्ज किया गया था। मंगलवार को अधिकतम पारे में 4.6 डिग्री की गिरावट देखी गई। वहीं मंगलवार शाम और रात के पारे में के बीच 7.4 डिग्री का अंतर नजर आया। शाम साढ़े चार बजे जहां अधिकतम पारा 19.4 डिग्री दर्ज किया गया था, वहीं रात साढ़े नौ बजे पारा 12 डिग्री पर आ गया। मौसम विभाग के निदेशक शिव गणेश का कहना है कि राजधानी में अभी आने वाले पांच दिन पारा और गिरेगा।


वनस्थली 7.6
अलवर 7.6
जयपुर 8.4
पिलानी 6.1
सीकर 5.0
ऐरिन रोड 8.0
जैसलमेर 7.7
माउंटआबू 6.8
बीकानेर 7.5
चूरू 4.9
श्रीगंगानगर 7.6
(न्यूनतम पारा)



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/39kiYue
via IFTTT

No comments: