Wednesday, 1 January 2020

घूस से नए साल की शुरुआत, होटल पर बुलाया और धर दबोचा

सवाईपुर। (भीलवाड़ा)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की प्रथम चौकी ने 600 रुपए की रिश्वत लेते बड़ला पंचायत के ग्राम विकास अधिकारी हंसराज बैरवा को बुधवार को गिरफ्तार किया। दूनी (टोंक) निवासी हंसराज ने यह राशि पंजीयन प्रमाण पत्र जारी करने की एवज में मांगी थी।

ब्यूरो के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सौभाग्यसिंह के अनुसार सोलंकियों का खेड़ा के मुकेश सोलंकी ने शिकायत की कि उसके पिता व काकी चांदू देवी के पुश्तैनी मकान के पट्टे के पंजीयन के लिए प्रमाण पत्र जारी करना था। ग्राम विकास अधिकारी बैरवा से सम्पर्क किया। बैरवा ने पहले चक्कर लगवाए। फिर एक हजार रुपए रिश्वत मांगी। मुकेश ने एसीबी से शिकायत की। ३० दिसंम्ंबर को सत्यापन में बैरवा ने 400 रुपए ले लिए और शेष 600 रुपए बुधवार को लेना तय हुआ।

होटल पर बुलाया, धरा गया
परिवादी ने फोन किया तो ग्राम विकास अधिकारी सवाईपुर चौराहे के होटल पर बुलाया। परिवादी मुकेश पहुंचा और छह सौ रुपए बैरवा को दे दिए। बैरवा ने राशि जैकेट की जेब में रख ली। इशारा मिलते ही एसीबी टीम ने धरदबोचा। रिश्वत की राशि बरामद कर बैरवा को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई में एएसपी सिंह, सीआई शिवप्रकाश टेलर, रामपाल तेली, देवीलाल जंगलिया, हेमेन्द्रसिंह शामिल थे।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/36ceaoF

No comments: