Monday, 26 October 2020

महिला क्रिकेटरों को प्रोत्साहित करने की पहल....सर्वश्रेष्ठ सीनियर और जूनियर महिला क्रिकेटर को मिलेगा सुंदर कांति जोशी पुरस्कार

जयपुर। प्रदेश की महिलाओं को खेल के क्षेत्र में प्रोत्साहन देने के लिए जयपुर के जोशी परिवार ने पहल की है। इस परिवार की ओर से अब राजस्थान की सीनियर और जूनियर वर्ग की सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर को सुन्दर कांति जोशी पुरस्कार से नवाजा जाएगा। ये पुरस्कार प्रतिवर्ष ३ अप्रेल को उनके जन्मदिवस पर प्रदान किए जाएंगे।
ऐसे होगा चयन
पुरस्कार चयन के लिए एक तटस्थ समिति का गठन किया जाएगा, जिसमें राजस्थान के पूर्व रणजी क्रिकेटरों के साथ राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर चुकी महिला क्रिकेटर भी शामिल होंगी। परिवार का कोई सदस्य चयन प्रक्रिया में शामिल नहीं होगा। सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर का चयन बीते वर्ष में उनके प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा।
परिवार के 6 सदस्य खेल चुके हैं रणजी ट्रॉफी
यह परिवार राजस्थान का अकेला ऐसा परिवार है, जिसके छह सदस्य रणजी ट्रॉफी में राजस्थान की नुमाइंदगी कर चुके हैं। विपिन जोशी और उनके भाई शरद जोशी सत्तर के दशक में राजस्थान के लिए रणजी ट्रॉफी में खेले, जबकि एक भाई अशोक जोशी भी रणजी टीम में चुने गए। भाई कैलाश जोशी अंडर-22 में राजस्थान के लिए खेले और बहन स्नेहलता जोशी सीनियर महिला क्रिकेट में राज्य का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। विपिन जोशी के बेटे विलास जोशी ने अस्सी और नब्बे के दशक में राजस्थान के लिए रणजी ट्रॉफी खेली, जबकि शरद जोशी के पुत्र सिद्धार्थ जोशी और विलास जोशी के पुत्र प्रभाष जोशी (रणजी वनडे) भी रणजी ट्रॉफी में राजस्थान का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
सीनियर में 21 और जूनियर में ११ हजार रुपए नकद
जोशी परिवार के मुखिया और राजस्थान के पूर्व रणजी क्रिकेटर विपिन जोशी ने गुरुवार को यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि यह पुरस्कार उन्होंने अपनी माताजी सुन्दर कांति जोशी की याद में शुरू किया है। पुरस्कार के तहत सीनियर वर्ग में सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर को 21 हजार और जूनियर वर्ग में 11 हजार रुपए का नगद पुरस्कार दिया जाएगा। जोशी ने कहा कि ये पुरस्कार हर वर्ष अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर घोषित किए जाएंगे।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3kKPV8x
via IFTTT

No comments: