कोटा.विधानसभा चुनाव में मतदान करने के लिए दिव्यांग मतदाताओं को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। जिला प्रशासन उन्हें मतदान केंद्रों तक लाने और मतदान के बाद घर छोडऩे का इंतजाम करेगा। यही नहीं बूथ पर भी दिव्यांग मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर और साइन लेंग्वेज एक्सपर्ट की सुविधा मुहैया कराई जाएगी। नेत्रहीन मतदाताओं के लिए मतदाता पर्ची ही नहीं, ईवीएम के पोलिंग बटन तक ब्रेल लिपि में तैयार कराए जाएंगे।
जनगणना के मुताबिक, देश की 2.21 फीसदी आबादी दिव्यांग है। जिसमें से 18 वर्ष या उससे अधिक उम्र के 60 फीसदी लोगों को मताधिकार हासिल है, लेकिन मतदान केंद्रों तक पहुंचने में होने वाली परेशानी और उनके लिए मतदान में सहायक सुविधाओं की कमी के चलते कमोबेश गिनेचुने दिव्यांग ही मतदान करते हैं। विधानसभा चुनावों के मद्देनजर दिव्यांगजनों की इस मुश्किल को देखते हुए पूरे देश में कोटा जिला प्रशासन पहली बार जिले के सभी 1114 मतदान केद्रों को दिव्यांग फ्रेंडली बनाने जा रहा है।
जिले में 23866 दिव्यांग मतदाता
राजस्थान में 15.6 लाख दिव्यांग मतदाता हैं। कोटा जिले के 1,114 मतदान केद्रों पर 23,866 दिव्यांग मतदाता पंजीकृत हैं। पहली बार इस अनूठे प्रयोग के जरिए जिला प्रशासन ने फैसला लिया है कि वह सभी दिव्यांग मतदाताओं को घर से बूथ तक लाने और मताधिकार का प्रयोग करने के बाद उन्हें वापस घर छोडऩे का इंतजाम करेगा। जिला कलक्टर गौरव गोयल बताते हैं कि भारतीय निर्वाचन इतिहास में यह पहला मौका है जब दिव्यांग मतदाताओं के लिए पूरी सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं।
यह भी सुविधाएं भी
कोटा जिला प्रशासन नेत्रहीन मतदाताओं की मदद के लिए ईवीएम के डिस्प्ले बटन ब्रेल लिपि में तैयार करा रहा है। इसके साथ ही इन मतदाताओं को ब्रेल लिपि में ही तैयार की गई मतदाता पर्ची दी जाएगी, ताकि वह उसे पढ़ और समझ सकें। सभी मतदान केंद्रों पर व्हील चेयर का इंतजाम किया जाएगा। मूक बधिर मतदाताओं की मदद के लिए मतदान केंद्रों पर साइन लेंग्वेज एक्सपर्ट की तैनाती की जाएगी।
विधानसभावार दिव्यांग मतदाता
विधानसभा - नेत्रहीन - मूकबधिर - शारीरिक -अन्य - कुल
पीपल्दा - 402 - 176 - 1449 - 451 - 2478
सांगोद - 493 - 309 - 1963 - 183 - 2948
कोटा उत्तर - 1557 - 1249 - 2015 - 00 - 4821
कोटा दक्षिण - 1051 - 1081 - 1945 - 00 - 4077
लाड़पुरा - 1706 - 734 - 2336 - 660 - 5436
रामगंज मंडी - 731 - 495 - 2174 - 706 - 4106
कुल मतदाता - 5940 - 4044 - 11882 - 2000- 23,866
------
वर्जन -
राजस्थान विधानसभा चुनावों में दिव्यांगजन मतदाता सौ फीसदी मतदान कर सकें, इसके लिए सभी मतदान केंद्रों को दिव्यांग फ्रेंडली बनाया जा रहा है। जिले की सभी छह विधानसभा सीटों पर इसके लिए पर्याप्त इंतजाम किए जाएंगे। जिसकी जिम्मेदारी उपनिदेशक समाज कल्याण को सौंपी गई है।
- गौरव गोयल, जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर, कोटा
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2Af4L23
via IFTTT
No comments:
Post a Comment