उदयपुर/ फतहनगर. मकान खाली कराने के लिए दंपती को डराने-धमकाने एवं मारपीट करना एक युवक के लिए शुक्रवार को मंहगा साबित हुआ। सनवाड़ रोड स्थित कलकी मगरी निवासी दंपती की शिकायत पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ एसटी/एससी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने लतीफ पुत्र अलाउद्दीन शाह को धरदबोचा। इससे पहले आदतन अपराधी फतहनगर हीरावास निवासी सलीम उर्फ टूटू दंपती को डराने धमकाने की नीयत से उसके घर पहुंचा। आरोप है कि आरोपियों ने पति से मारपीट भी की। इसके बाद परेशान पति-पत्नी शुक्रवार सुबह मुख्य चौराहे पर जाकर सड़क पर बैठ गए। कुछ देर में समीपवर्ती दुकानदार एवं लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर थानाधिकारी गोपाल लाल शर्मा ने पीडि़त परिवार को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस ने अनुसंधान के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
आरपीएफ का रूट मार्च
घासा. विधानसभा चुनाव से पूर्व शुक्रवार को आरपीएफ एवं थाना पुलिस के जवानों ने शुक्रवार को क्षेत्र में रूट मार्च निकाला। साथ ही लोगों को शांति व्यवस्था के बीच मतदान करने के लिए प्रेरित किया। घासा सर्किल से आरडी सड़क होते हुए मार्च सीनियर स्कूल, आदर्श मार्केट, नौल्यो का चोरा, कुम्हार वाड़ा ,बस स्टैण्ड पहुंचा। आम ग्रामीणों एवं मतदाताओं को चुनाव से पहले भयमुक्त कर चुनाव प्रक्रिया में हिस्सा लेने के लिए पुलिस की ओर से प्रेरित किया गया। इसी तरह पलाना, भानसोल, खाम की मादड़ी, रख्यावल गांवों में भी रूट मार्च आकर्षक रहा। थानाधिकारी इंदूबाला शर्मा एवं थाने का जाप्ता इसमें शामिल हुआ।
READ MORE : पांच गुना मुनाफे ने बढ़ाई मारवाड़ में डोडा-चूरा की तस्करी... चार एजेंसियां सक्रिय, पर तस्कर बेखौफ
पशुमेले के लिए प्लॉट आवंटन
मावली (निप्र). विशनजी की छापर में शरद पूर्णिमा पर प्रस्तावित ६ दिवसीय चावण्ड माता पशुमेले की तैयारियां तेज हो गई हैं। सरपंच गेंदी देवी भील ने बताया कि शनिवार सुबह ११ बजे मेले में प्लॉट का आवंटन शुरू होगा। कार्यक्रम को लेकर माता प्रतिमा की स्थापना रविवार शाम ५ बजे होगी। मेले का शुभारंभ २४ अक्टूबर को होगा। इससे पहले मेले की तैयारियों को लेकर मावली ग्राम पंचायत सरपंच, वार्ड पंच ने मेला परिसर का निरीक्षण किया। ग्राम सचिव रमेश मेघवाल ने बताया कि पशु मेले को लेकर पशुओं का पहुंचना जारी है। अच्छी नस्ल के पशुओं की बिक्री इस बार भी काफी संख्या में होने की उम्मीद है। निरीक्षण में वार्डपंच जयप्रकाश बोकडिया, सुंदरलाल चौधरी, घनश्याम, सुभाष शोभावत, हीरालाल खटीक सहित अन्य मौजूद थे।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2yTDKiG
via IFTTT
No comments:
Post a Comment