Thursday, 18 October 2018

नीरव माेदी व मेहुल चोकसी को ED ने दिया तगड़ा झटका,218 करोड़ रुपए की संपत्ति कर ली जब्त

नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को कहा कि उसने भगोड़े हीरा कारोबारी नीरव मोदी और उसके मामा मेहुल चोकसी से जुड़ी 218 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की है। मोदी और चोकसी सरकारी पंजाब नेशनल बैंक में 13,500 करोड़ रुपये के घोटाले के आरोपी है और देश से फरार हो चुके हैं। एजेंसी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, "विदेश में चोकसी का एक विला जब्त किया गया है, जिसकी कीमत 27 करोड़ रुपये है।" इसके अलावा ईडी ने हैदराबाद में एक संपत्ति जब्त की है, जिसकी कीमत 120 करोड़ रुपये है और यह ए. पी. ग्रीन एंड ज्वैलरी पार्क से जुड़ी है।"


ये संपत्तिया हुर्इ जब्त

अधिकारी ने कहा कि खुफिया जानकारी के आधार पर नीरव मोदी से जुड़े फायरस्टार समूह से संबंधित हीरे जब्त किए गए हैं, जिसकी बाजार में कीमत 18.76 करोड़ रुपये है। एजेंसी ने चोकसी की बेटी के नाम पर मुंबई के ट्रंप टॉवर में एक फ्लैट जब्त किया है, जिसकी कीमत 1.70 करोड़ रुपये है। एजेंसी ने बताया कि उसने विदेश में मोदी के करीबी सहयोगी मिहिर भंसाली का 51 करोड़ रुपये कीमत का फ्लैट जब्त किया है। वित्तीय जांच संस्था अब तक पीएनबी घोटाले में कुल 4,488 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त कर चुकी है।


एंटीगुआ ने भी भारत को सहयोग के लिए आश्वासन दिया है

बता दें कि गत 27 सितंबर को एंटीगुआ ने मेहुल चोकसी के प्रत्यर्पण मुद्दे पर भारत के साथ पूर्ण सहयोग करने का वादा किया था। अमरीका में विदेश मंत्री सुषमा स्वराज तथा एंटीगुआ और बारबुडा के विदेश मंत्री ईपी चेट ग्रीन की मुलकात के दौरान मेहुल चोकसी का मुद्दा उठने पर एंटीगुआ के विदेश मंत्री ने यह आश्वासन दिया था। भारतीय विदेश मंत्री ने पीएनबी घोटाले के मुख्य आरोपी मेहुल चोकसी के प्रत्यर्पण के मामले में मदद मांगी थी। बता दें कि मेहुल चोकसी इस समय एंटीगुआ में है।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2J2O3pf

No comments: