Friday, 28 December 2018

video: जलदाय विभाग के स्टोर से विधायक विकास कोष से लगने वाले हैण्डपम्पों के लाखों रूपए 240 पाइप हुए गायब

 

मालपुरा. जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग मालपुरा के स्टोर रूम में करीब चार माह पूर्व हिसार की कम्पनी की ओर से भेजे गए 1396 पाइपों में से 240 पाइप नहीं मिलने का मामला सामने आया है।

 

उक्त पाइप की कीमत जलदाय अभियंताओं के अनुसार एक लाख 68 हजार है। वहीं विभाग के कार्यालय से पाइप गायब होने का मामला चर्चा बना हुआ है।


जानकारी अनुसार विधानसभा चुनावों से पूर्व राज्य सरकार की ओर से विधायक विकास कोष से लगने वाले हैण्डपम्पों के लिए राहुल वासिया कम्पनी हिसार की ओर से 1396 नए पाइप भिजवाई गए, जिसमें कम्पनी की ओर से अवकाश के दिन ही सप्लाई कर दी गई तथा उसमें भी स्टोर कीपर के नहीं होने पर उसके पिताजी के द्वारा पाइप जमा करवा कर रसीद प्राप्त कर ली।

 

जब विभागीय अधिकारियों द्वारा दूसरे दिन उनकी जांच की गई तो उसमें कुल 240 पाइप कम आने पर मालपुरा के अधिशासी अभियन्ता कार्यालय की ओर से सम्बन्धित कार्यकारी एजेन्सी को पाइप कम आने पर पत्र लिखा गया, जिसका कम्पनी की ओर से आज तक कोई जवाब नहीं आया।

 

तथा कम्पनी की ओर से ट्रक चालक को साथ लेकर मालपुरा पहुंच अधिकारियों को पाइपों की सुपुर्दगी करने व विभाग की प्राप्ति रसीद भी दिखाई, लेकिन स्टोर में पाइप नहीं थे। इस पर कम्पनी को विभाग की ओर से भुगतान नहीं होने पर कम्पनी के चालक जयराम मीणा द्वारा थाने में परिवाद दिया गया है। फिलहाल पुलिस परिवाद की जांच कर रही है।


जांच की जा रही है
जलदाय विभाग के अधिशासी अभियन्ता राजीव सिंहल ने बताया कि एजेन्सी द्वारा अवकाश के दिन पाइप सप्लाई की गई है, जिसमें बाद में जांच में स्टोर रूम में कुल 240 पाइप कम आए है। सप्लाई के दिन स्टोर कीपर भी मौजूद नहीं था। स्टोर कीपर के पिता को पाइप सुपुर्द करना बताया गया है। पाइप कहा गए, इसकी जांच की जा रही है।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal http://bit.ly/2ESJsWX
via IFTTT

No comments: