Friday, 15 March 2019

लगातार चौथे दिन हरे निशान पर बंद हुआ शेयर बाजार, 37755 अंकों पर पहुंचा सेंसेक्स

नई दिल्ली। आज गुरुवार को शेयर बाजार लगातार चौथे दिन हरे निशान पर बंद हुआ। जहां कारोबार के अंत में बांबे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स 2.72 अंक यानि 0.01 फीसदी की मामूली बढ़त के साथ 37754.89 के स्तर पर बंद हुआ है। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख सूचकांक निफ्टी 1.55 अंक यानि 0.01 फीसदी की बढ़त के साथ 11343.25 के स्तर पर बंद हुआ है। आपको बता दें कि इस हफ्ते गुरुवार को शेयर बाजार सबसे कम बढ़त के साथ बंद हुआ है। जिसका कारण रुपए के मुकाबले डॉलर का बढऩा और थोक महंगाई दर के आंकड़ों में वृद्घि में होना है।

बैंक शेयरों में देखने को मिली तेजी
बैंक शेयरों में खरीद के बल पर बैंक निफ्टी रिकॉर्ड ऊंचाई पर बंद होने में कामयाब रहा। बैंक निफ्टी आज 39 अंक चढ़कर 28923 पर बंद हुआ है। मिडकैप शेयरों में भी खरीदारी देखने को मिली। मिडकैप इंडेक्स 15 अंक चढ़कर 17749 पर बंद हुआ है। आज के कारोबार में आईओसी, गेल कोल इंडिया, सन फार्मा, एनटीपीसी और इंडसइंड बैंक में सबसे ज्यादा बढ़त हुई जबकि अल्ट्राटेक सीमेंट, टाटा मोटर्स, पॉवर ग्रिड और एचसीएल टेक में सबसे ज्यादा गिरावट देखने को मिली।

सेक्टोरियल इंडेक्स भी तेज
तेल-गैस, रियल्टी, मेटल और टेलीकॉम शेयरों में खरीदारी देखने को मिली। बीएसई का ऑयल एंड गैस इंडेक्स 0.32 फीसदी, रियल्टी इंडेक्स 2 फीसदी और टेलीकॉम इंडेक्स 0.51 फीसदी बढ़कर बंद हुआ है। हालांकि आज के कारोबार में आईटी, आटो और पीएसयू बैंक शेयरों में कमजोरी देखने को मिली है। निफ्टी का आईटी इंडेक्स आज 0.54 फीसदी, ऑटो इंडेक्स 0.48 फीसदी और पीएसयू बैंक इंडेक्स 0.29 फीसदी की कमजोरी के साथ बंद हुआ है।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2ubjsPH

No comments: