Saturday, 16 March 2019

पहले बना ब्रिटेन का 'Golden Boy’, अब ब्रिटिश सरकार देगी नीरव मोदी को स्थाई नागरिकता

नई दिल्ली। भारत में देश का सबसे बड़ा बैंकिंग घोटाला करने वाले नीरव मोदी को हाल ही में ब्रिटेन में देखा गया था। जहां वो आराम की जिंदगी बसर कर रहा है। साथ ही अपना कारोबार भी शुरू किया है। सवाल ये है कि इंटरपोल द्वारा रेड कॉनर्र नोटिस जारी के बाद भी नीरव मोदी इंग्लैंड में आराम से कैसे है? अब नीरव के बारे में जो खुलासा हुआ है उससे पूरी तस्वीर साफ हो जाएगी। नीरव मोदी ब्रिटेन का 'गोल्डन ब्वॉय' बन गया है। जिसके बाद नीरव मोदी अब ब्रिटेन की स्थाई नागरिकता पाने का हकदार हो गया है।

ऐसे बना नीरव मोदी ब्रिटेन का 'Golden Boy’
नीरव मोदी ब्रिटेन का 'Golden Boy’ कैसे बन गया? यह भी एक रोचक बात है। वास्तव में नीरव मोदी को ब्रिटिश सरकार ने Golden Visa दे दिया है। ब्रिटिश सरकार उन लोगों को गोल्डन वीजा जारी करती है, जो यूरोपियन यूनियन के बाहर के होते हैं और जो वहां की सरकार के बॉन्ड्स में या वहां की किसी कंपनी के शेयर्स में 20 लाख पौंड यानि 26.48 लाख डॉलर का इंवेस्टमेंट करते हैं। यह वीजा ब्रिटेन की सरकार का टियर-1 यानि सबसे ऊंचे दर्जे का वीजा है। नीरव मोदी को यह वीजा भारत के पासपोर्ट पर जारी किया गया है।

अब ब्रिटेन पासपोर्ट पाने का मिल गया है हक
इस वीजा के मिलने के बाद नीरव मोदी ब्रिटेन में काफी सेफ हो गया है। इस वीजा के बाद नीरव मोदी ब्रिटेन में पढ़ाई कर सकता है, काम कर सकता है या फिर कोई बिजनेस सेट-अप कर सकता है। नीरव मोदी का निवेश पांच साल के लिए लॉक हो गया है। तब तक वह ब्रिटेन की नागरिकता पाने के योग्य हो जाएगा। अगर वो आने वाले समय में और ज्यादा निवेश कर सकता है तो नीरव मोदी और जल्दी ब्रिटिश पासपोर्ट पाने का हकदार हो जाएगा।

भारत की बढ़ जाएंगी मुश्किलें
नीरव मोदी की इस चाल से भारत सरकार और जांच एजेंसियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। अगर वो ब्रिटिश पासपोर्ट पा लेता है तो उसे भारत लाना नामुमकिन हो जाएगा। हाल ही में ब्रिटेन के गृह मंत्रालय ने ईडी को जानकारी दी है कि उन्होंने नीरव मोदी के प्रत्यर्पण का मामला वेस्टमिंसटर कोर्ट में भेज दिया है। जहां पर उसकी कार्रवाई शुरू होगी। अगर इसी बीच ब्रिटेन से उसे ब्रिटिश पासपोर्ट मिल गया तो भारत के हाथों से काफी चीजें निकल जाएंगी।

करीब 14 हजार करोड़ रुपए का किया था घोटाला
आपको बता दें कि नीरव मोदी 13 हजार 700 करोड़ रुपए के पीएनबी घोटाले के प्रमुख आरोपियों में से एक है। नीरव मोदी को फायदा पहुंचाने के लिए पीएनबी के अधिकारियों ने गलत तरीकों का इस्‍तेमाल किया। जिसके बाद वो फरार हो गया। हाल में लंदन टेलीग्राफ की रिपोर्ट में दावा किया गया था कि नीरव मोदी लंदन स्थित वेस्ट एंड रोड पर एक अपार्टमेंट में रह रहा है। जहां उसने नए सिरे से हीरे का कारोबार शुरू किया है।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2Ck4rQk

No comments: