Saturday, 31 October 2020

नगर निगम चुनाव 2020: साढ़े 7 बजते ही शुरु हुई दूसरे चरण की वोटिंग, जानें ख़ास बातें और लेटेस्ट अपडेट

जयपुर।

प्रदेश के तीन शहरों में हो रहे दूसरे चरण के नगर निगम चुनाव को लेकर मतदान सुबह साढ़े 7 बजने के साथ ही शुरू हो गया। चुनाव आयोग के अनुसार जयपुर ग्रेटर, जोधपुर दक्षिण और कोटा दक्षिण नगर निगम के लिए 310 वार्डों के लिए वोट डाले जा रहे हैं।

चुनाव आयोग से मिली जानकारी के मुताबिक जयपुर ग्रेटर नगर निगम की 150 जबकि जोधपुर दक्षिण और कोटा दक्षिण नगर निगम की 80—80 सीटों पर दूसरे चरण का मतदान हो रहा है। जयपुर ग्रेटर निगम चुनाव क्षेत्र में 686, कोटा दक्षिण से 289 और जोधपुर दक्षिण से 296 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला है।

इन तीनों की नगर निगमों की कुल 310 सीटों के लिए 1200 से ज्यादा प्रत्याशी मैदान में हैं। 310 वार्डों में से 102 वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित हैं।

मिली जानकारी के मुताबिक चुनाव में कुल प्रत्याशियों में से 828 पुरूष और 454 महिलाएं मैदान में हैं। यानि पुरूषों के साथ ही महिलाएं भी अच्छी संख्या में शहरी सरकार के इस चुनाव में वार्ड की राजनीति में अपनी किस्मत आजमाने के लिए मैदान में हैं। कुल प्रत्याशियों में से 398 पुरूष और 194 महिलाएं निर्दलीय के रूप में चुनावी समर में हैं।

इन तीनों निगमों के चुनाव में भाजपा, कांग्रेस के अतिरिक्त अन्य पार्टियों की अगर बात करें तो बसपा ने 17 पुरूष और 10 महिलाओं को प्रत्याशी बनाया है। वहीं, आरएलपी ने 15 पुरूष और 8 महिलाओं को प्रत्याशी बनाया है। सीपीआईएम, एनसीपी ने भी अपने प्रत्याशी उतारे हैं। हालांकि इनकी संख्या बहुत कम है।

जयपुर: 686 प्रत्याशियों के भाग्य इवीएम में होगा बंद

जयपुर ग्रेटर नगर निगम के 150 पार्षदों के लिए 686 प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में बंद होगा। सबसे अधिक बगरू विधानसभा क्षेत्र के वार्ड संख्या 121 में 13 प्रत्याशी मैदान में है। यहां चुनाव काफी रोचक हो गया है। भाजपा व कांग्रेस के साथ यहां निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी चुनाव प्रचार में पूरी ताकत लगा दी। इसके बाद सांगानेर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड संख्या 102 में 11 प्रत्याशी मैदान में है। यहां भी चुनाव रोचक होंगे, भाजपा व कांग्रेस के साथ निर्दलीय पूरी ताकत के साथ मैदान में डटे रहे।

जयपुर ग्रेटर के 150 वार्डों में 21 वार्ड ऐसे है, जहां सिर्फ 2—2 प्रत्याशी ही मैदान में है, ऐसे में इन दो—दो प्रत्याशियों में ही आमने—सामने की टक्कर है। वहीं 35 वार्ड ऐसे है, जहां 3—3 प्रत्याशी ही चुनाव मैदान में है। हालांकि इन वार्डों में भी भाजपा—कांग्रेस के साथ निर्दलीय अपना दम दिखा रहे हैं। विद्याधर नगर विधानसभा क्षेत्र वार्ड 24 और 33 में 2—2 प्रत्याशी मैदान में है। वहीं वार्ड 8, 12, 25, 28, 34 में 3—3 प्रत्याशी चुनाव में उटे हुए है।

झोटवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में वार्ड संख्या 50, 54, 56, 58, 62 में 2—2 प्रत्याशी मैदान में है, वहीं वार्ड 46, 49, 51, 52, 55, 60, 61 में 3—3 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे है। सांगानेर विधानसभा क्षेत्र में वार्ड 73, 74, 75, 76, 79, 97, 98 में 2—2 प्रत्याशी और वार्ड 65, 67, 72, 77, 81, 82, 83, 85, 86, 91, 93, 94, 96 में 3—3 प्रत्याशी चुनाव मैदान में है।

बगरू विधानसभा क्षेत्र में वार्ड 109, 116 में 2—2 प्रत्याशी और वार्ड 105, 106, 119 में 3—3 प्रत्याशी चुनावी मैदान में है। मालवीय नगर विधानसभा क्षेत्र में वार्ड 128, 136, 139, 143, 147 में 2—2 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे है। वहीं वार्ड 125, 129, 130, 131, 140, 141, 149 में 3—3 प्रत्याशी चुनावी मैदान में है।

जयपुर ग्रेटर नगर निगम के वार्डों का गणित
विधानसभा क्षेत्र — वार्ड — कुल वार्ड
विद्याधर नगर — 1 से 42 — 42
झोटवाडा — 43 से 64 — 22
सांगानेर — 65 से 103 — 39
बगरू — 104 से 124 — 21
मालवीय नगर — 125 से 150 — 26



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/3mFPQTR
via IFTTT

No comments: