नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दोनों कीमती धातुओं की बढ़ी चमक और स्थानीय बाजार में त्योहारी मांग आने से बीते सप्ताह दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 220 रुपए चमककर 32,270 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। इस दौरान औद्योगिक मांग बढ़ने से चांदी 200 रुपए के उछाल के साथ 39,600 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। लंदन और न्यूयॉर्क से मिली जानकारी के अनुसार, गत सप्ताह सोना हाजिर 7.60 डॉलर की बढ़त में शुक्रवार को सप्ताहांत पर 1,225.70 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया।
अमरीका-चीन की तनातनी से अंतरराष्ट्रीय बाजारों में हड़कंप
दिसंबर का अमरीकी सोना वायदा भी 8.40 डॉलर की तेजी में सप्ताहांत पर 1,230.00 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। बाजार विश्लेषकों के मुताबिक, दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर के कमजोर पड़ने से पीली धातु को बल मिला है। इसके अलावा अमरीका और चीन की तनातनी तथा वैश्विक स्तर पर शेयर बाजारों में मचे हड़कंप से निवेशकों का रुझान सुरक्षित निवेश में बढ़ा है। इस बीच विदेशों में चांदी हाजिर 0.02 डॉलर की तेजी के साथ सप्ताहांत पर 14.58 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।
चांदी की कीमतों में 200 रुपए की बढ़ोतरी
समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान वैश्विक तेजी और त्योहारी मांग में बरकरार रहने से सोना स्टैंडर्ड 220 रुपए की साप्ताहिक बढ़त के साथ 32,270 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। सोना बिटुर भी इतनी ही तेजी में 32,120 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। सोने की तेजी से गिन्नी की खनक भी बढ़ गई और आठ ग्राम वाली गिन्नी 100 रुपए चमककर 24,700 रुपए पर पहुंच गई। औद्योगिक मांग में तेजी आने से चांदी हाजिर 200 रुपए की बढ़त में 39,600 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। हालांकि, चांदी वायदा 120 रुपए की गिरावट के साथ सप्ताहांत पर 38,800 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई। सिक्का लिवाली और बिकवाली क्रमश: 75 हजार और 76 हजार रुपए प्रति सैंकड़ा पर बिके।
from Patrika : India's Leading Hindi News Portal https://ift.tt/2RZAgEh
No comments:
Post a Comment