Friday, 28 December 2018

भीषण सर्दी से ठिठुरा प्रदेश, अगले 48 घंटे में शीतलहर की चेतावनी

जयपुर। प्रदेश में जानलेवा सर्दी कहर बरपा रही है। प्रदेश के आधा दर्जन से ज्यादा जिले भीषण सर्दी की चपेट में हैं और रात का तापमान 5 डिग्री से भी कम रिकॉर्ड होने पर जनजीवन बेहाल हो चुका है। मौसम विभाग ने अगले 48 घण्टे में प्रदेश के उत्तरी हिस्से में शीतलहर चलने की चेतावनी दी है।

 

सीकर के फतेहपुर में सर्दी ने बीते 29 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है और बीती रात जमाव बिंदू से नीचे जमा पारा दो डिग्री तक और लुढ़क कर 4.2 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा। हाड़ कंपाने वाली ठंड के साथ तेज रफ्तार से बह रही उत्तरी सर्द हवा नश्तर की तरह चुभ रही है वहीं खिली धूप भी सर्दी से राहत दिलाने में बेअसर साबित हो रही है।

 

मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो कम से कम अगले दो दिन प्रदेश में सर्दी के सितम से राहत मिलने के कोई आसार नहीं है। जम्मू कश्मीर में हो रही जबरदस्त बर्फबारी के कारण प्रदेश में सर्दी के तेवर आगामी दिनों में भी तीखे बने रहने का अंदेशा है। बीते चौबीस घंटे में फतेहपुर के अलावा मैदानी इलाकों में चूरू में पारा जमाव बिंदू पर जमा रहा है। जिले का न्यूनतम तापमान आज 0.0 डिग्री रहा वहीं माउंट आबू में बीती रात तापमान 1.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है।

 

प्रदेश के आधा दर्जन से ज्यादा जिलों में रात में पारा न्यूनतम तापमान से करीब पांच डिग्री तक कम रहने के कारण हाड़कंपाती सर्दी जानलेवा साबित हो रही है। सीकर में आज न्यूतनम तापमान 1.0, अलवर 2.4,डबोक 2.8, पिलानी 2.9, श्रीगंगानगर 3.2, जोधपुर 5.6, बीकानेर 6.6, जैसलमेर 7.5 और बाड़मेर में रात में पारा 9.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है। राजधानी जयपुर में बीती शाम तक चली शीतलहर के बावजूद रात पारे में आंशिक बढ़ोतरी हुई, लेकिन सर्दी के कारण शहरवासियों की धूजणी छूटती रही। रात से लेकर आज सुबह तक गलन से लोग ठिठुरते रहे वहीं अलसुबह और सूर्यास्त होने के बाद शहर की सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम होने लगी है।

 

बीती रात शहर का न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री रहा वहीं आज सुबह दस बजे अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है। स्थानीय मौसम केंद्र के अनुसार शहर में आज दिन में आसमान साफ रहेगा वहीं करीब 10 किलोमीटर प्रतिघंटे तक की रफ्तार से शीतलहर चलने पर सर्दी से राहत मिलने की संभावना फिलहाल कम है। हिमालय के तराई क्षेत्रों में बर्फबारी से गुरुवार को भी शेखावाटी सहित प्रदेश के अन्य हिस्सों में सर्द हवा के झोंके नश्तर से चुभते रहे। प्रदेश के सात शहरों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से कम रहा। फतेहपुर का पारा लगातार माइनस में बना हुआ है।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal http://bit.ly/2CBYkHr
via IFTTT

No comments: