Friday, 28 December 2018

नए साल से पहले 7 सरकारी बैंकों को मिलेगी खुशखबरी, ऐसे प्राप्त होंगे 28,615 करोड़ रुपए

नई दिल्ली। साल 2018 खत्म होने वाला है और दिसंबर महीने के खत्म होने से पहले 7 सरकारी बैंकों को बड़ी खुशखबरी मिलने वाली है। दिसंबर अंत तक सरकारी क्षेत्र के 7 बैंकों को बैंक रीकैपिटलाइजेशन प्लान के तहत 28,615 करोड़ रुपए की पूंजी मिलेगी। इस राशि से बैंक अपनी रेग्युलेटरी फंड की जरूरत को पूरा कर सकेंगे। 28,615 करोड़ रुपए का ज्यादातर हिस्सा बैंक ऑफ इंडिया (BOI) को मिलेगा। बैंक ऑफ इंडिया को 10,086 करोड़ रुपए मिलेंगे।


किस बैंक को मिलेंगे कितने पैसे ?

बैंक ऑफ इंडिया के बाद ओरियंटल बैंक ऑफ कामर्स (OBC) को 5500 करोड़ रुपए मिलेंगे। पूंजी निवेश के इस दौर में बैंक ऑफ महाराष्ट्र को 4498 करोड़ रुपए, यूको बैंक को 3,056 करोड़ रुपए और यूनाइटेड बैंक ऑफ इंडिया को 2,159 करोड़ रुपए की पूंजी मिलेगी। इससे पहले वित्त वर्ष 2018-19 में सरकार ने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में 65 हजार करोड़ रुपए की पूंजी डालने का ऐलान किया था, जिसमें से 23 हजार करोड़ रुपए की राशि बैंकों को दी जा चुकी है और 42 हजार करोड़ रुपए अभी बैंकों को और मिलने हैं।


अरुण जेटली ने 41,000 करोड़ की अतिरिक्त राशि देने का किया ऐलान

इसके अलावा वित्त मंत्री अरुण जेटली ने इस महीने कहा था कि सरकार सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों को 41 हजार करोड़ रुपए अतिरिक्त देगी। यह पहले घोषित की गई राशि से अलग होगी। सरकार ने 20 दिसंबर को बैंकों में 41 हजार करोड़ रुपए के अतिरिक्त पूंजी निवेश के लिए संसद की मंजूरी मांगी थी। वित्त मंत्री ने कहा था कि रीकैपिटलाइजेशन से जहां सरकारी बैंकों की कर्ज देने की क्षमता बढ़ेगी वहीं इससे उन्हें रिजर्व बैंक की त्वरित सुधारात्मक कार्रवाई (पीसीए) रूपरेखा से बाहर आने में भी मदद मिलेगी।

Read the Latest Business News on Patrika.com. पढ़ें सबसे पहले Business News in Hindi की ताज़ा खबरें हिंदी में पत्रिका पर।



from Patrika : India's Leading Hindi News Portal http://bit.ly/2Q6Mmci

No comments: